India

Mar 01 2023, 11:23

वर्ष 2023 के आखिर तक पूरे भारत में होगा Reliance Jio का 5G नेटवर्क, फिलहाल लगभग 277 शहरों में शुरू की गई यह सर्विस


 5G के रोलआउट साथ ही जियो ने अपने 5G सर्विस को रोलआउट करना शुरू कर दिया था। फिलहाल पूरे भारत में लगभग 277 शहरों में जियो के 5G सर्विस शुरू कर दी गई है। हाल ही में Reliance Jio Infocomm ने मंगलवार को अपनी बात पर जोर देते हुए दोहराया कि वह 2023 के अंत तक पूरे भारत में हाई-स्पीड 5G टेलीकॉम सेवाओं पहुंचा देगा।

रिलायंस जियो के अध्यक्ष आकाश अंबानी ने कहा कि हम विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अन्य शहरों, कस्बों और तालुकाओं में महीने दर महीने Jio 5G को बढ़ाने के घोषित लक्ष्य को हासिल करने की राह पर हैं और दिसंबर 2023 तक देश के हर शहर, हर तालुका और हर तहसील को कवर करने का लक्ष्य बना रहे हैं।

दुनिया का सबसे तेज 5G रोलआउट

इसके साथ ही आकाश अंबानी ने यह भी कहा कि यह दुनिया का सबसे तेज 5G रोलआउट होगा। 28 फरवरी को इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय (MeitY) और डिपार्टमेंट ऑफ प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड (DPIIT) द्वारा समन्वित बजट के बाद के एक वेबिनार में रिलायंस जियो के अध्यक्ष ने इन बातों को दोहराया।

भारत में 5G सर्विस

1 अक्टूबर, 2022 को, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में भारतीय मोबाइल कांग्रेस इवेंट में भारत में 5G सेवाओं का औपचारिक रूप से शुरू किया गया। इसके साथ ही Airtel और jio जैसी टेलीकॉम कंपनियों ने अपनी 5G सर्विस शुरू कर दी थी।

5G नेटवर्क रोलआउट

इंवेट के दौरान आकाश अंबानी ने कहा कि आधे साल से भी कम समय में इंडस्ट्री ने खुद को फिर से तैयार किया है और तेजी से देश के कोने-कोने में 5G को ला रहा है। Jio दुनिया के सबसे बड़े स्टैंड अलोन नेटवर्क आर्किटेक्चर के साथ देश में 5G नेटवर्क रोलआउट का नेतृत्व कर रहा है जो ट्रू 5G तकनीक की जरूरतों को पूरा करने के लिए विशिष्ट रूप से कस्टमाइड है। बता दें कि 3G और 4G की तुलना में, 5G में बहुत लो-लेटेसी है, जो विभिन्न क्षेत्रों में यूजर के अनुभव को बढ़ाएगी।

India

Mar 01 2023, 11:21

अलीगढ़ में सैनिटाइजर डाल मां ने बेटी को जिंदा जलाया, बाहर नहीं जाने की बात पर गुस्सा होकर छह साल की मासूम के हाथ-पैर बांध लगा दी आग


अलीगढ़ के अतरौली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बढ़ैरा में दिल दहलाने वाली घटना हुई। बच्चों को बाहर जाने से मना करने की बात ना मानने पर महिला गुस्से में आपा खो बैठी और अपनी ही छह साल की मासूम बेटी के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद उसके ऊपर सैनिटाइजर डालकर जिंदा जला दिया। आग में खुद भी झुलस गई।

घटना की सूचना पुलिस को सूचना नहीं दी गई और रात में ही बालिका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानकारी पाकर पुलिस गांव पहुंची, तब घटना का पता चला। महिला के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपित महिला व अन्य स्वजन से पूछताछ की जा रही है।

अतरौली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बढ़ैरा निवासी भानू प्रताप उर्फ नोटी खेतीबाड़ी करते हैं। परिवार में पत्नी आशा देवी, दो बेटी व एक बेटा है। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना रविवार शाम की है। भानू की छह वर्षीय बेटी बंदनी घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। खेल-खेल में बच्चों में विवाद हो गया।

बच्ची पर सैनिटाइजर डालकर लगा दी आग

इसके बाद नंदिनी रोते हुई घर आई। आशा ने उसे डांटा और खेलने पर आपत्ति जताई। कहा कि बच्चे विवाद करते हैं। महिलाएं गालीगलौज करती हैं। वहां क्यों जाती हो? इसके बाद साड़ी से बच्ची के हाथ-पैर बांध दिए और उससे पूछताछ करने लगी। इसी दौरान महिला अपना आपा खो बैठी। उसने रसोई में रखा सैनिटाइजर बच्ची पर उड़ेल दिया और आग लगा दी। अचानक आग की लपटें तेज उठने लगीं तो शोर सुनकर भीड़ इकट्ठा हो गई। आग में आशा के भी दोनों हाथ झुलस गए।

पति की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज

आनन-फानन बच्ची को अतरौली सीएचसी ले जाया गया, जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। गांव लाकर रात में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस को सोमवार देररात कहीं से जानकारी मिली। रात में ही पुलिस गांव गई। लेकिन, किसी ने कुछ नहीं बताया। ग्रामीणों से जानकारी करने पर घटना का पता चला। इसके बाद बच्ची का शव निकाला। हड्डियों को डीएनए जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। पति भानू की तहरीर पर पुलिस ने आशा के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है।

एसपी देहात पलाश बंसल ने बताया कि अतरौली में महिला ने अपनी ही बेटी पर सैनिटाइजर छिड़ककर उसकी हत्या कर दी। पति की तहरीर पर महिला के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। आरोपित महिला से पूछताछ की जा रही है।

India

Mar 01 2023, 11:18

बदला दिल्ली-एनसीआर का मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी

#delhi_ncr_weather_today

उत्तर भारत में मौसम ने करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर में आज कई जगहों पर बारिश हुई है।आज सुबह आंधी तूफान के पूर्वानुमान के बीच तेज हवाएं और बूंदाबांदी हुई। दिल्ली-नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ में अचानक मौसम बदल गया। बीते कुछ दिनों से गर्मी का एहसास कर रहे लोगों ने तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का आनंद लिया।

तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना हो गया है। दिल्ली-एनसीआर में आज का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस वहीं न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस अनुमानित किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को उत्तर-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली और दिल्ली-एनसीआर के आस-पास के इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, हिमाचल, जम्मू कश्मीर और लद्दाख रीजन में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट है।

कहां-कहां बारिश के अनुमान

दिल्ली, एनसीआर (हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम) करनाल, मेहम, रोहतक, भिवानी (हरियाणा) हस्तिनापुर, चांदपुर, अमरोहा (यूपी) के कुछ स्थानों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है।

48 घंटों में 2-3 डिग्री तक गिरेगा तापमान

आज दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है। मंगलवार को मौसम बुलेटिन में कहा गया है कि अधिकतम तापमान 48 घंटों में 2-3 डिग्री तक गिर जाएगा और इसके बाद उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में वृद्धि होगी। पूर्वानुमान के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम डिग्री 32 और 14 डिग्री के आसपास रहेगा।

India

Mar 01 2023, 10:37

राहुल गांधी ने त्यागा “तपस्या” वाला लुक, दाढ़ी करवाई ट्रिम, टी-शर्ट की जगह सूट-टाई में आए नजर

#rahul_gandhi_new_look

राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा वाला लुक त्याग दिया है। कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस समय ब्रिटेन की यात्रा पर है, जहां वह नए लुक में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपनी दाढ़ी को ट्रिम करवा लिया है और सूट-टाई में नजर आए। 7 सितंबर 2022 में शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा के करीब 6 महीने बाद राहुल का लुक बदला हुआ नजर आ रहा है।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपने लंबे बाल, दाढ़ी और टी-शर्ट वाले लुक में दिखने के बाद राहुल गांधी का नया लुक सामने आया है। यह लुक उन्होंने लंदन में कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में पहुंचने से पहले ही रखा है। सोशल मीडिया पर जो तस्वीर वायरल हो रही हैं, उनमें राहुल गांधी को छोटे बाल और ट्रिम्ड दाढ़ी-मूछों में देखा जा सकता है। राहुल यहां अपनी ट्रेडमार्क सफेद टी-शर्ट की जगह कोट-टाई में नजर आए। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान से राहुल की दाढ़ी चर्चा का विषय रही है। जब से यात्रा खत्म हुई है तब से लगातार यह पूछा जा रहा था कि वे अपनी दाढ़ी कव कटवाएंगे?

7 दिन के ब्रिटेन दौरे पर

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 7 दिन के दौरे पर मंगलवार को ब्रिटेन पहुंचे। वे यहां कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के बिजनेस स्कूल में आज स्पीच देंगे। इस स्पीच के दौरान राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के अनुभवों को भी साझा करेंगे।कैंब्रिज जज बिजनेस स्कूल’ (कैम्ब्रिज जेबीएस) में विजिटिंग फेलो के तौर पर राहुल '21वीं सदी में सुनना-सीखना' विषय पर व्याख्यन देंगे।

राहुल ने ट्वीट कर दी थी जानकारी

राहुल गांधी कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में अपने स्पीच पर 16 फरवरी को एक ट्वीट किया था। उन्होंने कहा कि मैं स्पीच देने के पूरी तरह तैयार हूं। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी हो रही है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, अंतरराष्ट्रीय संबंधों, डेटा और लोकतंत्र पर मुझे विश्व के कुछ सबसे बेहतरीन लोगों से बातचीत करूंगा।

India

Mar 01 2023, 09:55

होली से पहले महंगाई की मार, रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी

#domestic_lpg_cylinder_prices_increased_by_rs_50

होली से पहले आम आदमी को एक जोरदार झटका लगा है।आम जनता पर महंगाई की मार कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। एक के बाद एक चीजों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।वहीं, 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 350.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलो के घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की कीमत बढ़कर अब 1,103 रुपये हो गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में 350.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में आज से 19 किलो के कमर्शियल सिलिंडर की कीमत बढ़कर 2119.50 रुपये हो गई है। 

वहीं, घरेलू सिलेंडर की नई की कीमत मुंबई में 1102.5, कोलकाता में 1129 और चेन्नई में 1118.5 हो गई है। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर अब दिल्ली में 2119.5, मुंबई में 2071.5, कोलकाता में 2221.5 और चेन्नई में 2268 रुपये में मिलेगा।

जाने आपके शहर में कितना बढ़ा दाम

नई दिल्ली 1103.00

कोलकाता 1079.00

मुम्बई 1102.50

चेन्नई 1118.50

गुड़गांव 1111.50

नोएडा 1050.50

बैंग्लोर 1105.50

भुवनेश्वर 1129.00

चंडीगढ़ 1112.50

हैदराबाद 1155.00

जयपुर 1106.50

लखनऊ 1140.50

पटना 1201.00

India

Mar 01 2023, 09:38

*सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के इस्तीफे के बाद क्या होगा केजरीवाल का अगला कदम, नए मंत्री बनाए जाएगें या विभागों का होगा बंटवारा?*

#manish_sisodia_and_satyendar_jain_resign

दिल्ली की केजरीवाल सरकार संकट के दौर से गुजर रही है। घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोप में जेल पहुंचे केजरीवाल के दो मंत्रियों मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इस्तीफा दे दिया है। आम आदमी पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोनों के इस्तीफ मंजूर कर लिए हैं।बता दें कि मनीष सिसोदिया के पास 18 मंत्रालयों की जिम्मेदारी थी। 26 फरवरी को भ्रष्टाचार के मामले में सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, सत्येन्द्र जैन को बीते साल 30 मई को गिरफ्तार किया था। तब से वे तिहाड़ जेल में हैं। जैन बिना विभाग के मंत्री पद पर थे।

दोनों मंत्रियों के इस्तीफे के बाद बड़ा सवाल ये है कि केजरीवाल किसे ये विभाग सौंपेंगे या किसे मंत्री बनाने वाले हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली में अभी कोई नया मंत्री नहीं बनेगा। सिसोदिया के कुछ विभाग राजकुमार आनंद और कुछ कैलाश गहलोत को दिए जाएंगे। गहलोत सरकार में सड़क और पर्यावरण मंत्री हैं। वहीं राजकुमार आनंद समाज कल्याण मंत्री हैं।

बता दें कि सीबीआई ने साल 2021-22 के लिए शराब नीति बनाने और उसे लागू करने में कथित भ्रष्टाचार को लेकर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को रविवार शाम गिरफ्तार किया था। यह नीति अब रद्द की जा चुकी है। वहीं सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं।

India

Feb 28 2023, 21:31

विधानसभा में अखिलेश ने सरकार पर बोला हमला,कहा- यूपी में कानून व्यवस्था बदहाल हालत में

उत्तर प्रदेश विधानसभा में अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यूपी की स्थिति अभी सुधरी नहीं है। बजट को दिशाहीन बताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल हालत में है। किसानों की हालत दयनीय हो गई है। सातवें बजट में हम कहां खड़े हैं सरकार को बताना चाहिए। जहां इन्वेस्टर मीट हुई वहां 20 दिन से सफाई नहीं हुई।19 हजार एमओयू जो 33 लाख करोड़ के है सब हवा में दिखाए गए।16.8 ग्रोथ रेट वित्त मंत्री ने बताई थी जबकि एवरेज ग्रोथ रेट 7.8 है।

विभागों में खाली पड़े पद सरकार कब भरेगी:अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार के दौरान 12.8 % थी। 19% ग्रोथ कैसे हासिल करेंगे इसका सोर्स क्या है।वन ट्रिलियन डॉलर इकोनामी के लिए 34% ग्रोथ चाहिए।

34% ग्रोथ हासिल करने के लिए जो सहयोग आप चाहे हम साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री को अपना इकोनामिक एडवाइजर बदल देना चाहिए। जो आपको सच्चाई ना बताएं उस सलाहकार का क्या करेंगे।सपा का घोषणा पत्र ले लें 34% ग्रोथ मिल जाएगी। एक संस्था को हायर किया गया है फिर झूठ बताने के लिए। आपके सारे विभाग फेल हो गए क्या जो 200 करोड़ देकर सलाह ले रहे हैं।4.2% अनइंप्लॉयमेंट बताया जा रहा है।सरकार को एंप्लॉयमेंट रेट बताना चाहिए। विभागों में खाली पड़े पद सरकार कब भरेगी।

2017-22 के बीच एंप्लॉयमेंट डाटा गिरा है। अग्निवीर व्यवस्था हम समाजवादी कभी स्वीकार नहीं कर सकते।

सरकार को खुशबू से आखिर क्या नफरत है:अखिलेश यादव

कानपुर के उद्योगपति पर छापे पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल। कहा कन्नौज के इत्र उद्योग को बजट में क्या मिला। डिजिटल इंडिया के गलती से जिसके यहां छापा पड़ना था दूसरे के यहां छापा डाल दिया।यह छापामार सरकार है।कम से कम बीजेपी के लोगों ने कांग्रेस से कुछ सीखा है।बीजेपी ने कांग्रेस के रास्ते पर चलने का काम किया।दिल्ली में जो बैठता है वह छापे मारता है।इन्वेस्टर समिट में एक मित्र उद्योगपति नहीं आए।एक रिपोर्ट ने मित्र उद्योगपति को दूसरे नंबर पर कहां पहुंचा दिया।मित्र की पहचान तभी होती है जब बुरा वक्त आता है।बीजेपी ने अपने मित्र को छोड़ दिया।जब मित्र को छोड़ दिया तो वित्त मंत्री एक्सप्रेसवे से लखनऊ कैसे आएंगे।अमेरिका ने सड़क के बनाई सड़क ने अमेरिका बनाया।डबल द स्पीच ट्रिपल द इकोनॉमी।क्या तय समय में गंगा एक्सप्रेस वे बन जाएगा।दिल्ली वालों ने यूपी को किस एक्सप्रेसवे के लिए बजट दिया।27470 करोड़ पीडब्लूडी का बजट था 7570 करोड़ ही खर्च कर पाए। ऐसे कई बहुत सारे सवालों की सरकार के सामने झड़ी लगा दी। सपा महासचिव शिवपाल यादव ने कहा, यूपी की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अमेठी, मुरादाबाद और प्रयागराज जैसी वारदातें हो रही हैं। कभी कह रहे, एक पकड़ा, कभी दो पकड़ा गया। इनकी इंटेलिजेंस पूरी तरीके से फेल है। इसलिए घटनाएं हो रही हैं। शिवपाल सदन से पहले मीडिया से मुखातिब हुए थे।

सपा अपराधियों की नर्सरी बनकर उभरी : डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

वहीं सदन से पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। प्रयागराज के सभी दोषी पकड़े जाएंगे। प्रदेश और देश जानता है, सपा अपराधियों को पल्लवित करने पर काम करती रही है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से माफिया पूरी तरीके से साफ हो गए हैं। सभी घटनाएं हमारे लिए चुनौती हैं। अपराधी चाहे कोई भी हो किसी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। इसको जाति धर्म संप्रदाय से नहीं जोड़ना चाहिए। अपराधी की कोई जाति नहीं होती है। यूपी के लॉ एंड आर्डर को जो डिस्टर्ब करेगा उस पर कार्रवाई होगी। पूरे मामले को हम फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाएंगे।डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा ने ही राजनीति का अपराधीकरण किया। जितने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई होगी उनसे सपा के रिश्ते जगजाहिर होंगे। अपराधियों को राजनीति में लाने का काम किया है। ऐसे अपराधियों के साथ सपा का संबंध उजागर हो रहा है तो कोई आश्चर्य की बात नहीं है।

हर वर्ष 2 विधायक को मिलेगा उत्कृष्ट एमएल पुरस्कार

उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के सातवें दिन विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने ऐलान किया है कि हर साल 2 उत्कृष्ट विधायकों को इनाम दिया जाएगा। सतीश महाना ने लोकसभा की तर्ज पर विधानसभा में विधायकों को वोट देने की नियमावली तैयार की है। विधायक की उत्कृष्ट पुरस्कार के लिए 22 मानक तय किया गया है।

India

Feb 28 2023, 19:22

मेघालय विधानसभा चुनाव के बाद एग्जिट पोल के नतीजे चौंकाने वाले, दहाई से भी नीचे बीजेपी, लगभग सभी एग्जिट पोल के एक जैसे निष्कर्ष


मेघालय विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने राज्य में पहली बार सभी 60 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। ऐसे में बीजेपी को लगता है कि ईसाई बाहुल क्षेत्र में उनकी पार्टी को बड़ी जीत हासिल होने वाली है। इस राज्य में भले ही पार्टी पीएम मोदी के सहारे जीत की उम्मीद कर रही हो, लेकिन चुनाव के बाद हुए एग्जिट पोल के नतीजे कुछ और ही बता रहे है। मेघालय विधानसभा चुनाव 2023 के लिए सोमवार (27 फरवरी) को मतदान पूरा हो गया। राज्य की 60 सीटों के लिए मतदाताओं ने वोट डाले। जिसके नतीजे 2 मार्च को त्रिपुरा और नगालैंड के साथ घोषित किए जाएंगे। इसके पहले एग्जिट पोल के नतीजे आ गए हैं, जिसमें जनता का मूड पता चल रहा है। राज्य की 60 में से 59 सीटों पर मतदान हुआ था। वहीं एक कैंडिडेट के निधन के कारण उस सीट पर चुनाव टल गया।

दहाई से भी नीचे बीजेपी

एग्जिट पोल के मुताबिक मेघालय में बीजेपी दहाई का आंकड़ा भी पार करती नहीं दिखाई दे रही है। सभी एग्जिट पोल में बीजेपी के लिए ऐसा ही रुझान दिखा रहे हैं। एक एग्जिट पोल के मुताबिक 59 सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी को 4 से 8 सीटें मिलती दिखाई गई हैं। राज्य में नेशनलिस्ट पीपल्स पार्टी (NPP) सबसे बड़ा दल बन सकती है। एनपीपी को 18 से 24 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस को 6-12 सीट मिलती दिखाई गई हैं। टीएमसी को 5-9 सीट मिलती दिख रही हैं।

वहीं एक अन्य एग्जिट पोल के अनुसार, एनपीपी को 21 से 26 सीटें मिल सकती हैं। टीएमसी को 8-13 सीट मिलती दिख रही है और पार्टी किंगमेकर बन सकती है। बीजेपी को 6 से 11 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं कांग्रेस को 3-6 जबकि अन्य के खाते में 10 से 19 सीटें जाती नजर आ रही हैं।

बीजेपी का वोट शेयर दहाई के पार

राज्य में सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ने का फायदा बीजेपी को होता दिख रहा है। एग्जिट पोल बीजेपी को 14 फीसदी वोट मिलते दिखा रहे है। एनपीपी को 29 फीसदी, कांग्रेस को 19 फीसदी और टीएमसी को 16 फीसदी वोट मिल सकते हैं। वहीं अन्य दलों को 11 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।

India

Feb 28 2023, 19:18

मेघालय चुनाव के बाद बोले संगमा, राज्य में स्थिर सरकार बनाने के लिए राज्य के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा


संगमा ने कहा कि वह स्थिर सरकार बनाने के लिए सभी विकल्प खुले रखेंगे। उन्होंने कहा, हम एक स्थिर सरकार बनाने के लिए अपने सभी विकल्प खुले रखेंगे। हम यह देखकर खुश हैं कि रुझान हमारे पक्ष में हैं, क्योंकि हमें पिछली बार की तुलना में अधिक सीटें मिलने की उम्मीद थी। उन्होंने कहा, राज्य में एक स्थिर सरकार बनाने के लिए राज्य के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा। बता दें, पिछली बार संगमा ने भाजपा के समर्थन से सरकार बनाई थी। इसके बावजूद दोनों पार्टियों ने अलग चुनाव लड़ा है।

मेघालय 60 सदस्यीय विधानसभा सीटों वाला राज्य है। यहां सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी के पास कम से कम 31 सीटें जीतनी होती हैं।

कहा कि हम यह देखकर खुश हैं कि रुझान हमारे पक्ष में हैं, क्योंकि हमें पिछली बार की तुलना में अधिक सीटें मिलने की उम्मीद थी। उन्होंने कहा, राज्य में एक स्थिर सरकार बनाने के लिए राज्य के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा। बता दें, पिछली बार संगमा ने भाजपा के समर्थन से सरकार बनाई थी। इसके बावजूद दोनों पार्टियों ने अगल-अगल चुनाव लड़ा है

सरकार बनाने के लिए कितनी सीटें चाहिए?

मेघालय 60 सदस्यीय विधानसभा सीटों वाला राज्य है। यहां सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी के पास कम से कम 31 सीटें जीतनी होती हैं। पिछले चुनाव में यहां कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। कांग्रेस के 21 उम्मीवारों ने जीत हासिल की थी, तो एनपीपी के 20 प्रत्याशी जीते थे। हालांकि, सबसे बड़ी पार्टी बनकर भी कांग्रेस को सत्ता से बाहर रहना पड़ा था। भाजपा समेत कुछ अन्य दलों ने एनपीपी को समर्थन दे दिया और सरकार बनवा दी।

India

Feb 28 2023, 18:53

दिल्ली के उपमुख्यंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने दिया इस्तीफा


दिल्ली के उपमुख्यंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। बता दें कि सिसोदिया कथित आबकारी घोटाले के मामले में पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर चल रहे, वहीं स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन पहले से ही मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद हैं।